जब आनंद में रोल के लिए ऋषि दा से ज़़िद पर अड़ गये राजेश खन्ना !
राजकपूर निभाने वाले थे पहले आनंद का किरदार.
उत्तम कुमार, शशि कपूर और किशोर कुमार तक को रोल किया गया ऑफर मगर नहीं बनी बात।
फिल्म आनंद सबसे पहले राजकपूर के साथ बनने वाली थी जो ऋषिकेश मुखर्जी के दोस्त थे। लेकिन उन दिनों राज कपूर की तबियत ख़राब चल रही थी और खराब सेहत से ऋषि दा को वहम हो गया कि अगर परदे पर राज कपूर को मरते दिखाया गया तो इसका उनके फैन्स पर बुरा प्रभाव पड़ेगा। फिर ये फिल्म ठंडे बस्ते में चली गयी मगर बाद में उत्तम कुमार, शशि कपूर और किशोर कुमार तक को फिल्म ऑफर हुई मगर बात बनी नहीं। ये बात गुलज़ार के जरिए राजेश खन्ना तक पहुंची और काका पहुंच गये ऋषि दा से मिलने। ऋषि दा राजेश खन्ना के साथ फिल्म इसलिए नहीं बनाना चाहते थे क्योंकि एक तो वो सुपरस्टार थे और उनकी फीस 8 लाख उस वक्त थी। फीस के अलावा एक साथ डेट्स का न मिलना और लेट लतीफी के किस्से ये सब राजेश खन्ना के खिलाफ़ जा रहे थे। लेकिन राजेश खन्ना ज़िद पर अड़ गये कि ये रोल तो वो ही करेंगे। वो रोल करने के लिए इस कदर बेताब थे कि उन्होने ऋषि दा की सारी शर्तें मानीं और महज़ 1 लाख पारिश्रमिक पर फिल्म में काम किया।
