आप तो उस विकास बहल को जानते हैं जिसने क्वीन बनायी थी ..फिर ये कौन है ?
विकास बहल पर लगे यौन शोषण मामले ने तूल पकड़ लिया है क्योंकि लड़की ने उस रात ब्यौरा पेश किया है।
अनुराग कश्यप और नीरज घेवन के बाद अब वरूण ग्रोवर, वासन बाला ने भी विकास के खिलाफ़ मोर्चा खोल दिया है। विकास की फिल्म सुपर 30 में काम कर रहे ऋतिक रौशन को भी निशाने पर लिया गया है जबसे कंगना ने विकास पर यौन शोषण का आरोप लगाया है।
5 मई साल 2015, गोवा में फ़िल्म बॉम्बे वेलवेट के प्रमोशन का खास तरीका अपनाया गया। तीन दिनों तक मुंबई से पत्रकारों का जत्था जिसमें टीवी और प्रिंट पत्रकार शामिल थे उनकी एक शानदार 7 स्टार्स रिजॉर्ट में खातिरदारी की गयी। इस पार्टी में बॉम्बे वेलवेट फिल्म और फैंटम के सभी कर्मचारी शामिल थे। अनुराग कश्यप और उनके बाकी पार्टनर्स के अलावा विकास बहल भी मौजूद थे। पार्टी के बाद फैंटम में काम करने वाली एक महिला कर्मचारी अपने कॉटेज की ओर निकलती है। विकास बहल उसे कमरे तक छोड़ आने की बात कहते हैं। वो विकास को कहती है कि वो चली जायेगी मगर विकास ज़िद करते हैं। महिला उनपर भरोसा करती है क्योंकि वो अनुराग के साथी हैं । महिला ने माना कि वो वोडका पी रही थी और नशे में थी. रूम पर पहुंचते ही ज़ोर के टॉयलेट की वजह से महिला कमरे की बाथरूम की तरफ भागी। लेकिन वो हैरान रह गयी जब उसने देखा कि विकास उसकी बेड पर लेटा था. उसने उनको कमरे से बाहर जाने के लिए कहा लेकिन विकास हिल भी नहीं रहे थे। महिला नशे में थी तो उसने बहुत देर कोशिश करने के बाद विकास और अपने बीच तकियों की दीवार सी बना दी। थोड़ी देर बाद उसे अपने कपड़ों के अंदर विकास के हाथ का एहसास हुआ, विकास यहीं नहीं रुका उसने महिला के पीछे के हिस्से पर हस्तमैथून तक किया। इसके बाद वो इस घटना को बताने अनुराग के पास पहुंची जो इतने नशे में थे कि उसकी बात नहीं सुनी। महिला ने इस घटना के बाद भी कंपनी में काम करना जारी रखा लेकिन वो गहरे अवसाद में चली गयी। पांच महीने बाद अक्टूबर, 2015 को वो आखिर में फिर से अनुराग कश्यप के पास गईं और अपने अनुभव साझा किए.तब अनुराग ने ये कहकर बात टाल दी कि इस पर बाद में बात करेंगे। आखिरकार महिला ने नौकरी छोड़ दी और तब अनुराग की विकास से मनमुटाव की खबरें पहली बार सामने आयीं। खैर महिला की चुप्पी ने उस वक्त विकास को बचा लिया, विकास के पार्टनर्स ने भी उनके खिलाफ कुछ नहीं बोला मगर अब जब ये सारी घटना का ब्यौरा हफ पोस्ट वेबसाइट के पत्रकार अंकुर पाठक ने वेबसाइट पर दिया तब से हाहाकार मचा है। सभी अपने को कंपनी के नियमों में बंधा बताकर इस घटना को सामने न लाने को मजबूरी का नाम दे रहे हैं। अनुराग कश्यप, नीरज घेवन और वरुण ग्रोवर ने सोशल मीडिया पर खूब लिखा है। वहीं कंगना रनौत ने भी विकास के चरित्र पर सवाल उठाये हैं।
